
बैतूल जिले के चिचोली रेंज के रातामाटी खुर्द गांव में टाइगर की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद पूरे इलाके में दहशत और सतर्कता का माहौल बन गया है। ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना के बाद वन विभाग ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया। किसान राजेश यादव के गन्ना खेत में टाइगर के साफ पगमार्क मिलने के बाद विभाग ने इस इलाके को हाई अलर्ट पर रखा है।
ग्रामीणों की सूचना के बाद शुरू हुई सर्चिंग
रातामाटी खुर्द गांव में तीन दिन पहले ग्रामीणों ने देर रात टाइगर की हलचल महसूस की थी। इसकी जानकारी तुरंत चिचोली रेंज कार्यालय और डीएफओ को दी गई। वन विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची, तो राजेश यादव के खेत में टाइगर के ताजे पगमार्क मिले, जिससे टाइगर की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद सोमवार और मंगलवार को भी वन विभाग की टीमें आसपास के संभावित इलाकों में लगातार सर्चिंग करती रहीं।
गन्ने के खेत में टाइगर की मौजूदगी, ग्रामीणों में सतर्कता
गन्ने के खेतों में टाइगर के पगमार्क मिलने के बाद वन विभाग ने रातामाटी खुर्द और पास के गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को रात में खेतों में न जाने की सलाह दी है। हालांकि, किसानों के लिए रात में सिंचाई करना जरूरी होता है, लेकिन अब वे पूरी सावधानी के साथ खेतों में जा रहे हैं।
किसान राजेश यादव ने बताया कि उनके खेत में अभी भी टाइगर के होने की आशंका है, इसलिए परिवार और ग्रामीण चौकन्ने हैं।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से होने वाली मूवमेंट की संभावना
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के क्षेत्रों से नवंबर-दिसंबर में टाइगर का मूवमेंट आमतौर पर देखा जाता है। यदि टाइगर ने किसी शिकार को पकड़ा होता, तो वह लंबे समय तक एक ही क्षेत्र में रहता, लेकिन अभी तक किसी भी शिकार के मिलने की सूचना नहीं है। ऐसे में यह संभावना है कि टाइगर आगे बढ़ गया हो या फिर किसी सुरक्षित स्थान पर छिपा हो।
वन विभाग का सर्च ऑपरेशन जारी
पश्चिम वन मंडल के डीएफओ एल.के. वासनिक ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर तीन टीमें 24 घंटे लगातार निगरानी कर रही हैं। जरुरत पड़ने पर अतिरिक्त टीम भी लगाई जाएगी। चिचोली रेंजर शैलेन्द्र चौरसिया के अनुसार, पगमार्क देखकर साफ लगता है कि यह टाइगर ही है। ट्रैप कैमरों में अभी तक इसकी तस्वीर नहीं मिली है, जिससे अंदेशा है कि वह आगे बढ़ गया होगा, लेकिन पूरी सर्चिंग लगातार जारी है।
Some Important Link
| Whatsapp Group | Click Here |
| Home Page | Click Here |



